🔱 टिल्लू शर्मा ✒️ टूटी कलम न्यूज़ 🎤 रायगढ़ 🌍 छत्तीसगढ़ ✈️ दिल्ली के इंदिरा भवन में 31 अक्टूबर को कांग्रेस का माहौल उस समय और अधिक जोशीला हो गया, जब रायगढ़ के समाजसेवी रामचंद्र शर्मा ने अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर जोरदार हुंकार भरी। देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रामचंद्र शर्मा का जोशीला अंदाज कार्यकर्ताओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित रैली में शामिल होने दिल्ली पहुंचे रामचंद्र शर्मा ने इंदिरा भवन में कांग्रेस के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। उन्होंने ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’, ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ और ‘वोट चोरी बंद करो’ जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की। उनके जोशीले अंदाज और उत्साहपूर्ण सहभागिता से इंदिरा भवन में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
राजनीतिक हलकों में रामचंद्र शर्मा की सक्रियता इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि उन्होंने अभी तक कांग्रेस की औपचारिक सदस्यता ग्रहण नहीं की है, इसके बावजूद वे लगातार कांग्रेस के आयोजनों और आंदोलनों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। दिल्ली में अपने समर्थकों के साथ उनकी मौजूदगी और इंदिरा भवन में बुलंद की गई आवाज ने रायगढ़ के कांग्रेस समर्थकों के बीच भी उत्सुकता बढ़ा दी है।
इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर दिल्ली के इंदिरा भवन में रामचंद्र शर्मा की यह जोशीली सहभागिता महज एक कार्यक्रम में उपस्थिति तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके समर्थकों के उत्साह और राजनीतिक गतिविधियों में बढ़ती सक्रियता का भी संदेश देती नजर आई।
ज्ञात रहे कि रायगढ़ के संस्कार पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर, पूर्व में पुलिस में निरीक्षक पद पर अपनी सेवा दे चुके रामचंद्र शर्मा को पहले भाजपा समर्थित माना जाता रहा है मगर भाजपा में विधायक टिकट के लिए दाल गलती नहीं देख रामचंद्र यू टर्न लेते हुए कांग्रेस के कार्यक्रमों में अपनी ऊर्जा खपाने लगे, क्योंकि फिलहाल रायगढ़ से कांग्रेस में आगामी होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए विधायक प्रत्याशी के रूप में एक भी दमदार चेहरा सामने नहीं आ सका है।







