वार्ड क्रमांक 10 में चलाया गया महा सफाई अभियान 0 बेजा कब्जा हटाने, अवैध निर्माण पर कार्यवाही करने के दिए निर्देश
रायगढ़। महा सफाई अभियान के दौरान कलेक्टर भीम सिंह ने मिनी गार्डन के बगल से लगे केलो नदी के किनारे मरीन ड्राइव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेयर जानकी काटजू व जनप्रतिनिधियों से सर्किट हाउस पुल के आगे से पंचधारी तक मरीन ड्राइव निर्माण करने के सुझाव मांगे। सकारात्मक सुझाव मिलने पर इसके आगे निर्माण करने प्लान बनाने की बात कलेक्टर सिंह ने कही।
गुरुवार को वार्ड क्रमांक 10 में महा सफाई अभियान चलाया गया। महा सफाई अभियान फिल्टर प्लांट से शुरू होकर भानुप्रताप कालोनी, कसेर पारा, प्रेमप्रताप कालोनी, मिनी गार्डन, मरीन ड्राइव और गढ़ भीतर पारा नगर निगम कर्मचारी आवास पर खत्म हुआ। इस दौरान कलेक्टर भीम सिंह, मेयर जानकी काटजू, कमिश्नर आशुतोष पाण्डेय ने क्षेत्र के लोगों,महिलाओं एवं बुजुर्गों से स्वच्छता संबंधित बातचीत की। लोगों से डस्टबिन उपयोग करने, कचरा रिक्शा नियमित आने और कचरा रिक्शा को ही कचरा देने संबंधित जानकारी ली गई। लोगों ने नियमित कचरा लेने रिक्शा आने के साथ सफाई होने की बात कही। इसी तरह पार्षद ने अतिक्रमण हटाने, सामुदायिक भवन निर्माण, सड़क नाली निर्माण करने की मांग की, जिस पर कलेक्टर भीम सिंह ने जल्द ही मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया। कलेक्टर सिंह ने कहा कि महा सफाई अभियान में लगे अधिकारी कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन जिम्मेदारी पूर्वक करें। उन्होंने कार्यों पर कोताही बरतने पर कार्यवाही करने की बात कही। इसी तरह वार्ड में अतिक्रमण, अवैध निर्माण पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश कमिश्नर आशुतोष पाण्डेय को दिए। मेयर श जानकी काटजू ने कहा कि महासफाई अभियान स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए आवश्यक है। इससे जुड़कर हम सभी शहर वासियों को हमारे शहर को नंबर वन बनाने के लिए प्रयास करना होगा। कमिश्नर आशुतोष पाण्डेय ने स्वच्छता सर्वेक्षण के संभावित अंक की जानकारी कलेक्टर से भीम सिंह को दी। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य कमल पटेल, पार्षद प्रतिनिधि साखा यादव सहित निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
बेजा कब्जा के जांच के निर्देश
निरीक्षण के दौरान बाघ तालाब के किनारे बेजा कब्जा होने संबंधित शिकायत कलेक्टर भीम सिंह को मिली, जिस पर कलेक्टर सिंह, एसडीएम जुगल किशोर उर्वशा, कमिश्नर श्री आशुतोष पाण्डेय एवं मेयर जानकी काटजू ने अतिक्रमण स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों से जमीन संबंधित कागजात की मांग की। लोगों के पास सिर्फ नोटरी शपथ जैसे ही कागजात थे, जिस पर कलेक्टर भीम सिंह ने एसडीएम आर आई एवं पटवारी को जांच कर रिपोर्ट देने के नीचे से निर्देश दिए।



