नक्सलियों ने मीडिया को वॉट्सऐप कॉल कर कहा- मुठभेड़ के बाद लापता जवान उनके पास,नहीं पहुंचाएंगे नुकसान …!
जगदलपुर टूटी कलम छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुए नक्सली एनकाउंटर में शहीद जवानों के शव जगदलपुर पहुंच गए हैं। उन्हें पुलिस लाइन में रखा गया है, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
तर्रेम क्षेत्र के सिलगेर के जंगल में शनिवार को हुई थी मुठभेड़, इसमें अब तक 23 जवान शहीद
मिसिंग हुए 21 जवानों में से 20 के शव एयरफोर्स की मदद से रविवार को कर लिए गए थे रिकवर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों से हुई मुठभेड़ के बाद से लापता जवान राकेश्वर सिंह मनहास को नक्सलियों ने अपने कब्जे में होने का दावा किया है। नक्सलियों ने वॉट्सऐप कॉलिंग के जरिए इसकी जानकारी मीडिया को दी है। साथ ही यह भी कहा है कि वह जवान को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। उनके पास वह सुरक्षित हैं। SP कमललोचन कश्यप ने जवान की लोकेशन नहीं मिलने की पुष्टि की थी। राकेश्वर सिंह जम्मू कश्मीर के निवासी बताए जा रहे हैं।
मुठभेड़ के दौरान 21 जवान लापता हो गए थे। इनमें से 20 जवानों के पार्थिव शरीर को रविवार को एयरफोर्स की मदद से रिकवर कर लिए गया, जबकि एक जवान का पता नहीं चला। लापता जवान कोबरा बटालियन के राकेश्वर सिंह मनहास बताए जा रहे हैं। तर्रेम क्षेत्र के जोनागुड़ा के पास शनिवार को नक्सलियों से मुठभेड़ में 23 जवान शहीद हुए हैं।







